करोंद में बनेगा वृद्धाश्रम, 10 करोड़ से अधिक की राशि हुई जारी
@lionnews.in
भोपाल। राज्य सरकार ने भोपाल में वृद्धजनों के लिए 10 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से 100 सीटर पेड वृद्धाश्रम बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिये सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। यह वृद्धाश्रम करोंद क्षेत्र में नई जेल के पीछे बनाया जाएगा। अपर सचिव सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण अलका श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वृद्धाश्रम के निर्माण के लिये पी.आई.ओ. को राशि उपलब्ध करवा दी गई है। भवन निर्माण प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर भोपाल की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। वृद्धाश्रम भवन का अधिपत्य सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के पास रहेगा।