20 नवम्बर को ममता शर्मा का गायन और पण्डित ब्रज नारायण का सरोद
लॉयन न्यूज / lion news
भोपाल। मध्यप्रदेश कलाओं में परम्परा, नवप्रयोगों एवं नवांकुरों के लिए स्थापित उत्तराधिकार श्रृंखला के अन्तर्गत इस रविवार 20 नवम्बर को जनजातीय संग्रहालय में शाम 7ः00 बजे बनारस की सुप्रतिष्ठित गायिका ममता शर्मा का गायन तदुपरान्त सुविख्यात सरोद वादक पण्डित ब्रज नारायण का सरोद वादन होगा।
ममता शर्मा देश की उभरती हुई प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायिका है। आपने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से संगीत में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। आपने बनारस घराने की सुविख्यात गायिका गिरिजा देवी के मार्गदर्शन में शास्त्रीय गायन की तालीम प्राप्त की है। आपने अब तक देश के विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर अपने गायन से रसिक-श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया है।
पण्डित ब्रज नारायण सुविख्यात सारंगीवाज पण्डित रामनारायण के ज्येष्ठ सुपुत्र है, आपने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता से प्राप्त करने के बाद, ताल विज्ञान की शिक्षा अपने ताऊ पण्डित चतुरलाल से प्राप्त की है। कल्पनाशील सुरीली संरचना, तालक्रम का सटीक अनुसंधान और आशुताल निर्वाह पण्डित ब्रज नारायण की शैली की विशेषता है। आपने देश के विभिन्न संगीत केन्द्रों के साथ ही विदेशों में भी कई स्थानों पर सरोद कार्यक्रम दिए हैं। आपको राष्ट्रपति स्वर्ण पदक और डागर घराना पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क है।